द पॉली किड्स, वसंत विहार ने धूमधाम से मनाया 18वां वार्षिकोत्सव

देहरादून: द पॉली किड्स, वसंत विहार, देहरादून ने अपना 18वां वार्षिक समारोह सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला, देहरादून में बड़े उत्साह के साथ मनाया। “अराउंड द वर्ल्ड” थीम पर आधारित इस समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। समारोह में लगभग 500 अभिभावकों ने भाग लिया और बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में हर कक्षा ने एक अलग देश की संस्कृति को मंच पर उतारा। प्ले ग्रुप के नन्हे बच्चों ने कोरियाई नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत अफ्रीकी नृत्य ने मंच को ऊर्जा और रंगों से भर दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने मनमोहक चीनी नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं ‘उगते सूरज के देश’ से प्रेरित जापानी नृत्य ने सभी को आकर्षित किया। यूनाइटेड किंगडम (यूके) की प्रस्तुति ने मंच पर ब्रिटिश संस्कृति की झलक दिखाकर कार्यक्रम में वैश्विक रंग भर दिए। कार्यक्रम के अंत में भारत पर आधारित ग्रैंड फिनाले सबसे शानदार रहा, जिसमें देश की समृद्ध संस्कृति और विविधता की झलक देखने को मिली। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से नन्हे कलाकारों का उत्साहवर्धन कियाl
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
द पॉली किड्स के चेयरमैन कैप्टन मुकुल महेंद्रू ने अतिथियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय की शिक्षा पद्धति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय खेल-आधारित शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है, और ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास तथा विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों की मेहनत के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के निदेशक नंदिता सिंह और कैप्टन रोहित सिंह ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।
वार्षिक समारोह में उपस्थित निदेशकों में संस्थापक निदेशक रंजना महेंद्रू, विनोद भट्ट, शिप्रा आनंद, शगुन बिश्नोई, सिद्धार्थ चंदोला, शालिनी, कोमल तिवारी और चलगा, ऋषभ डोभाल, तथा अकादमिक और एक्टिविटी हेड्स दिव्या जैन और दीप्ति सेठी शामिल रहे।
यह समारोह द पॉली किड्स की समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो बच्चों को अपनी संस्कृति का सम्मान करने, दुनिया की विविधता को समझने तथा आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *