कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने भराड़ीसैंण में किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर धन सिंह रावत ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और अमर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि यह हमें देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति के संकल्प को और अधिक दृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विकसित उत्तराखंड,सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, लोकनृत्य और नाट्य मंचनों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। मंच पर गूंजते देशभक्ति के गीतों और बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *