रुद्रपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में दो शव मिलने से हड़कंप

शवों की नहीं हुई पहचान, पुलिस मामले की जांच में
रुद्रपुर । सिडकुल इलाके में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है।
उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित सिडकुल क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। स्थानीय लोगों ने जब झाड़ियों में एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक के पास कोई भी ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। प्रथम दृष्टया युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पंतनगर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) दौलत राम वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ की, ताकि मृतक के बारे में कोई सुराग मिल सके।
वहीं, किच्छा क्षेत्र में भी बैराज के पास नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव पूरी तरह से गल चुका है। केवल कंकाल जैसी स्थिति में रह गया था, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया। प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया प्रथम दृष्टया शव करीब 8 से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी सामग्री भी बरामद नहीं हुई है। शव मैं केवल कंकाल ही मिला था। जिसको लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए के लिए हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। जिससे उसकी पहचान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *